डेस्क न्यूज़
06 June, 2026
अन्य
नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की पीआईसी (प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल) की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा की अध्यक्षता एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया की उपस्थिति में नगर पालिका कार्यालय स्थित अध्यक्ष कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास से जुड़े एजेंडे में शामिल सभी 64 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।
पीआईसी की स्वीकृति मिलने के बाद अब शहर में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का रास्ता साफ हो गया है। विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण संबंधी कार्यों को गति मिलेगी, जिससे शहर के समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
बैठक में ब्रह्माकुमारी आश्रम के सामने चौराहे के सौंदर्यीकरण, शास्त्री नगर में नवीन उद्यान विकसित करने, शहर के विभिन्न क्षेत्रों में डेकोरेटिव लाइट लगाने, सड़कों के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण, सीसी रोड निर्माण, नाला निर्माण, सार्वजनिक शौचालय निर्माण, पेवर ब्लॉक कार्य, हाईमास्ट एवं ऑक्टागोनल पोल स्थापना सहित अनेक विकास कार्यों से संबंधित प्रस्ताव रखे गए। इसके अलावा नगर पालिका कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में पीआईसी सदस्य वंदना खंडेलवाल, दारासिंह यादव, धर्मेश पुरोहित, नीरज अहीर, कुसुम अशोक जोशी, मनोहर मोटवानी एवं छाया जायसवाल उपस्थित रहे। इसके अलावा कार्यालय अधीक्षक कन्हैयालाल शर्मा, नगर पालिका के इंजीनियर एवं अन्य अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर सहमति जताते हुए सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया। प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के बाद शहर में विकास कार्यों की रफ्तार तेज होने की उम्मीद है, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।