ताजासमाचार

नाकाबंदी देखकर भागा तस्कर, बाइक के पैनल में छिपाकर ले जा रहा था अफीम, सिंगोली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

डेस्क न्यूज 05 June, 2026 अपराध

सिंगोली। जिले में चल रहे नशा विरोधी अभियान के तहत सिंगोली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 620 ग्राम अवैध अफीम और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद अफीम की कीमत करीब 3.10 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी रोहित राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 3 जून को ताल-कोज्या रोड स्थित प्रेमपुरा फंटे पर नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान परलाई की ओर से आ रही काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल का चालक पुलिस को देखकर अचानक वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर रोक लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दल्लीचंद पिता पन्नालाल धाकड़ निवासी हमेरगढ़, ग्राम पंचायत टोलू का लुहारिया, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) बताया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल के बाएं साइड पैनल को खोलकर जांच की, जहां फिल्टर के पास छिपाकर रखी गई एक पारदर्शी प्लास्टिक थैली मिली। थैली की जांच करने पर उसमें 620 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

जब्त सामग्री

- 620 ग्राम अवैध अफीम
- अनुमानित कीमत : 3.10 लाख रुपये
- हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल
- मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत : 50 हजार रुपये

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अफीम की खरीद-फरोख्त और तस्करी नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Related Post