द वॉचमेन पोस्ट
07 April, 2026
मनासा। तहसील के ग्राम कचौली में मंगलवार को विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर एवं नालसा के दिशा-निर्देशानुसार विधिक जागरूकता शिविर एवं लीगल एड क्लिनिक का आयोजन किया गया। यह आयोजन माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
प्रत्येक माह के प्रथम मंगलवार को आयोजित होने वाले इस लीगल एड क्लिनिक में ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इस दौरान पैरालीगल वॉलिंटियर एवं मानव अधिकार कार्यकर्ता कमलाशंकर विश्वकर्मा ने आमजन को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर के अंतर्गत माध्यमिक विद्यालय कचौली में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों को गुड टच-बैड टच, बाल अधिकार, मूल संवैधानिक कर्तव्यों एवं निःशुल्क कानूनी सहायता योजना के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम में पंचायत सचिव रूपसिंह गुर्जर, विद्यालय प्राचार्य मयंक माहेश्वरी, सरस्वती शिशु मंदिर की प्रधानाचार्य अर्चना वेद, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।