डेस्क न्यूज़
28 February, 2026
नीमच। शहर के प्रतिभावान युवा किंग कलिंग पोरवाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित बौद्धिक मंच TEDx पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर नीमच जिले का नाम विश्व के बोद्धिक मानचित्र पर रोशन कर दिया है। कलिंग ने इस वैश्विक मंच से दुनिया को सफलता का वह 'स्टाइलिश' मंत्र दिया, जिसकी चर्चा अब चारों ओर हो रही है। हाल ही में कलिंग ने दुनिया के सबसे लोकप्रिय विचार-मंच TEDx (TEDxSGNS Youth) पर बतौर मुख्य वक्ता हिस्सा लिया, जहाँ उन्होंने जीवन में 'प्रतिबद्धता' के महत्व पर एक प्रेरणादायक व्याख्यान दिया।
TEDx पर 'कमिटमेंट' का मंत्र
TEDx मंच पर अपने ओजस्वी संबोधन के दौरान कलिंग ने बहुत ही सरल और प्रभावी ढंग से बताया कि वास्तविक दुनिया में केवल सावधान रहना (Caution) ही काफी नहीं है, बल्कि अपनी पसंद और फैसलों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता (Commitment) ही सफलता की असली कुंजी है।
'स्टाइल' का नया अर्थ: कलिंग ने इस मंच के माध्यम से बताया कि उनके लिए 'स्टाइल' का मतलब फैशन नहीं, बल्कि अपने इरादों में स्पष्टता और निर्णयों में मजबूती है, और जीवन में हर कदम स्टाइल से उठाना चाहिये।
अपने डर से तेज फैसले लें: उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि ज्यादातर लोग गलत चुनाव करने से नहीं, बल्कि चुनाव न कर पाने कि दुविधा के कारण असफल होते हैं।
Comfort Zone से बाहर निकलें: उन्होंने जोर दिया कि असली सफलता 'कंफर्ट ज़ोन' को छोड़कर पूरी ताकत से अपने लक्ष्य के पीछे खड़े होने से आता है।
यू ट्यूब पर उपलब्ध है वीडियो-
कलिंग के इस प्रभावशाली भाषण का वीडियो यूट्यूब और सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है। उनकी संवाद शैली और आत्मविश्वास की लोग काफी सराहना कर रहे हैं। नीमच जैसे छोटे शहर से निकलकर, छोटी उम्र में इतने बड़े वैश्विक मंच पर अपनी बात रखना क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
यहाँ देखें वीडियो- TEDx के वैश्विक मंच पर 'किंग' कलिंग पोरवाल का सम्बोधन
पारिवारिक और व्यापारिक पृष्ठभूमि का मान बढ़ाया
नीमच कि प्रतिष्ठित मेसी फर्गुसन शोरूम के संचालक (पोरवाल परिवार) व प्रमुख उद्योगपति रवि पोरवाल के सुपुत्र किंग कलिंग पोरवाल ने अपनी मेधा से परिवार और शहर का नाम वैश्विक पटल पर अंकित किया है। कलिंग की इस अंतरराष्ट्रीय कामयाबी के बाद से ही परिजनों को निरंतर शुभकानाएं मिल रही हैं। शहर के गणमान्य नागरिकों ने इसे युवा प्रतिभा के उदय का प्रतीक मानते हुए हर्ष व्यक्त किया है।
बहुमुखी प्रतिभा के धनी किंग कलिंग: उल्लेखनीय है कि TEDx की इस ऐतिहासिक सफलता के साथ-साथ किंग कलिंग पोरवाल अन्य क्षेत्रों में भी निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं:
शॉर्ट फिल्म प्रोजेक्ट: कलिंग की प्रतिभा अब फिल्मी पर्दें पर भी नजर आएगी। वे एक शॉर्ट फिल्म में भी अभिनय कर रहे हैं जिसके शीध्र ही रिलीज़ होने की संभावना है
मुंबई में DOWNTOWN का निर्माण: एक व्यवसाई के तौर पर सपनों के शहर मुंबई में कलिंग एक बिल्डर के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं। वे DOWNTOWN के माध्यम से रियल एस्टेट सेक्टर में खुद को साबित करने के लिए शिद्दत से जुटे हुए हैं।
डिजिटल और वेलनेस क्षेत्र: कलिंग एक प्रतिष्ठित वेलनेस फर्म में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं और साथ ही उनका स्वयं का पॉडकास्ट चैनल भी है, जहाँ वे वैचारिक बदलाव की दिशा में काम कर रहे हैं।
शहर में गौरव का विषय
कलिंग जिनका पूरा नाम किंग कलिंग पोरवाल है, उनकी इन उपलब्धियों ने नीमच के युवा वर्ग के लिए प्रेरणा की एक नई इबारत लिख दी है। परिजनों को इस गौरवशाली उपलब्धि पर लगातार बधाइयां मिल रही हैं। कलिंग ने साबित कर दिया है कि यदि इरादे नेक और 'कमिटमेंट' पक्का हो, तो नीमच जैसे छोटे शहर से निकलकर नेटफ्लिक्स और TEDx जैसे वैश्विक प्लेटफार्मों तक पहुँचना मुमकिन है।
कलिंग की इन उपलब्धियों पर बधाई और शुभकामनाएं।