डेस्क न्यूज
09 February, 2026
नीमच | फर्स्ट ईयर और सेकंड ईयर की परीक्षाओं की तिथियां नजदीक आने और परीक्षा फार्म जमा करने की अंतिम तारीख होने के बावजूद कॉलेज प्रशासन की अव्यवस्थाओं ने विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ा दी। परीक्षा फार्म जमा करने के लिए कॉलेज में केवल एक ही खिड़की संचालित होने से लंबी कतारें लग गईं और दूर-दराज के गांवों से आए छात्र घंटों तक भटकते नजर आए।
छात्रों की परेशानी यहीं खत्म नहीं हुई। कॉलेज प्रबंधन द्वारा ऑनलाइन मार्कशीट को मान्यता न दिए जाने से स्थिति और गंभीर हो गई। कई विद्यार्थियों ने बताया कि कॉलेज से मिली ओरिजिनल मार्कशीट में उन्हें फेल या सप्लीमेंट्री दर्शाया गया है, जबकि विक्रम यूनिवर्सिटी की वेबसाइट से डाउनलोड की गई ऑनलाइन मार्कशीट में वे पास हैं। इसके बावजूद ऑनलाइन मार्कशीट स्वीकार न किए जाने से छात्रों में आक्रोश फैल गया।
इन समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने कॉलेज में प्राचार्य कक्ष के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब आधे घंटे तक चली नारेबाजी और बहस के बाद छात्रों ने धरना देकर अपनी मांगों को मजबूती से रखा।
ABVP नगर मंत्री नितेश गुर्जर ने कहा कि अंतिम तिथि के कारण भारी संख्या में छात्र कॉलेज पहुंचे थे, लेकिन एक ही खिड़की होने से अव्यवस्था फैल गई। उन्होंने ऑनलाइन मार्कशीट को भी वैध बताते हुए इसे मान्यता देने की मांग की।
छात्रों के दबाव के बाद कॉलेज प्रबंधन ने अतिरिक्त खिड़कियां खोलने का निर्णय लिया और फार्म जमा करने के लिए चार काउंटर शुरू किए। इसके बावजूद अब तक केवल लगभग 550 विद्यार्थियों के फार्म ही जमा हो पाए हैं। ABVP ने चेतावनी दी है कि यदि सभी विद्यार्थियों के फार्म समय पर जमा नहीं हुए तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा।