डेस्क न्यूज
27 November, 2025
जावद। ब्राह्मण समाज की बहन-बेटियों के विरुद्ध IAS संतोष वर्मा द्वारा दिए गए अशोभनीय और अपमानजनक बयान को लेकर ब्राह्मण समाजजन सहित विभिन्न समाजों के लोगों ने गुरुवार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि इस बयान से ब्राह्मण समाज ही नहीं, बल्कि सभी सामाजिक संगठनों और सर्व समाज में तीव्र रोष व्याप्त है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि विगत दिनों मध्यप्रदेश के आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज की बहन-बेटियों के संबंध में घोर आपत्तिजनक, निंदनीय और अशोभनीय टिप्पणी की। यह बयान इतना अपमानजनक था कि उसे दोहराना भी संभव नहीं। समाजजन ने कहा कि भारतीय सभ्यता और किसी भी बहन-बेटी की मर्यादा के विरुद्ध ऐसा वक्तव्य अक्षम्य है और किसी भी स्थिति में स्वीकार योग्य नहीं है।
समाजजनों ने आरोप लगाया कि संतोष वर्मा का यह बयान सिविल सेवा आचरण अधिनियम 1968 का उल्लंघन है तथा वर्गीय और जातिगत तनाव बढ़ाने वाला है। साथ ही यह भारतीय नारी की मान-मर्यादा का भी घोर अपमान है।
सर्व समाज ने अधिकारी की कड़ी निंदा करते हुए महामहिम राज्यपाल से मांग की कि संबंधित अधिकारी को तत्काल सेवा से बर्खास्त किया जाए, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए और एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्राह्मण समाज, वैश्य समाज, करणी सेना सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।