ताजासमाचार

कुंडालिया में तेज रफ्तार ट्रक ने बस को मारी टक्कर, कंडक्टर सहित कई यात्री घायल

यशवंत राठौर 23 November, 2025

मनासा। रविवार दोपहर लगभग 3:30 बजे मनासा-रामपुरा रोड पर कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडालिया में एक तेज रफ्तार ट्रक ने आजाद बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के दौरान बस में कई यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार कंडक्टर सहित कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। अचानक हुई घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सतर्कता दिखाते हुए समय रहते सभी यात्री बस से सुरक्षित बाहर निकल आए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजाद बस नीमच से खड़ावदा के लिए जा रही थी। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने तेज गति और लापरवाही से बस को टक्कर मार दी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा और आगे की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि इसी प्रकार 10 नवंबर को भी कुकड़ेश्वर क्षेत्र में एक ट्रक चालक की लापरवाही के कारण एक बस को पीछे से टक्कर लगी थी, जिससे बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और कई यात्रियों को चोटें आई थीं। पुलिस व प्रशासन को क्षेत्र में लगातार तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके

Related Post