ताजासमाचार

ज्ञान मंदिर लॉ कॉलेज के विद्यार्थी पहुंचे केंट थाना: थाना विजिट से विद्यार्थियों को मिला प्रैक्टिकल अनुभव, पुलिस कार्यप्रणाली को नजदीक से जाना

डेस्क न्यूज़ 04 October, 2025

नीमच। ज्ञान मंदिर विधि कॉलेज के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने शनिवार को केंट थाना पहुंचकर पुलिस कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को न्यायिक व्यवस्था के व्यवहारिक पक्ष से अवगत कराना था, जिससे वे सैद्धांतिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी अर्जित कर सकें।
थाना विजिट के दौरान छात्रों ने थाना परिसर की विभिन्न इकाइयों — जैसे रिकॉर्ड रूम, हवालात, FIR रजिस्ट्रेशन कक्ष, तथा अपराध अनुसंधान शाखा — का निरीक्षण किया। साथ ही उन्हें पुलिस द्वारा अपराधों की विवेचना, धाराओं का चयन, और त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. वर्षा काठपाल ने जानकारी देते हुए बताया, विधि शिक्षा में प्रैक्टिकल अनुभव बेहद आवश्यक है। थाना विजिट का मुख्य उद्देश्य छात्रों को पुलिस कार्यप्रणाली, अपराधों की जांच प्रक्रिया और कानून के धरातल पर उसके अनुप्रयोग को समझाना है।
थाना विजिट में कॉलेज के प्रथम वर्ष, द्वितीय वर्ष एवं अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से अनेक सवाल पूछे, जिनके माध्यम से उन्होंने अपराध अनुसंधान, गवाहों के बयान, गिरफ्तारी की प्रक्रिया और विभिन्न धाराओं के प्रयोग को समझा।
डॉ. काठपाल ने यह भी बताया कि इस शैक्षणिक यात्रा की श्रृंखला में आगे चलकर छात्रों को जिला न्यायालय, जेल और हाईकोर्ट का भ्रमण भी कराया जाएगा। इससे छात्रों को भारत की न्यायिक व्यवस्था की पूरी प्रक्रिया का व्यापक अनुभव मिलेगा।

Related Post