ताजासमाचार

50 करोड़ की एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, मोस्ट वांटेड तस्कर जम्मु लाला गिरफ्तार, मप्र-राजस्थान के ड्रग सिंडीकेट में हडकंप

डेस्क न्यूज 11 September, 2025

जयपुर, 11 सितम्बर। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और प्रतापगढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जिले के थाना पीपलखूंट क्षेत्र में एमडी ड्रग बनाने की अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी मोस्ट वांटेड तस्कर जमशेद उर्फ जम्मु लाला को गिरफ्तार किया गया। फैक्ट्री से करीब 17.4 किलो एमडी पाउडर, 70 किलो से अधिक केमिकल और ड्रग बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 करोड़ रुपये आंकी गई है।

उच्चाधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध दिनेश एमएन के निर्देशन और उपमहानिरीक्षक पुलिस दीपक भार्गव, एएसपी आशा राम चौधरी व सिद्धांत शर्मा के सुपरविजन में की गई। प्रतापगढ़ एसपी बी. आदित्य के नेतृत्व में टीम ने छापा मारकर आरोपी को दबोचा।

इनपुट पर हुई रैकी और छापा

एजीटीएफ टीम के हेड कांस्टेबल महावीर सिंह और कांस्टेबल नरेंद्र पाटीदार को आरोपी के बारे में सूचना मिली थी। कई दिनों की रैकी के बाद टांडा बड़ा, सरहद बोरी मोजल स्थित ईश्वर मीणा के झोंपड़े में ड्रग फैक्ट्री की पुष्टि हुई। इसके बाद थाना पीपलखूंट और डीएसटी टीम को साथ लेकर संयुक्त कार्रवाई की गई।

पहले भी हो चुकी थी करोड़ों की जब्ती

16 दिसंबर 2024 को एजीटीएफ और थाना अरनोद पुलिस ने देवल्दी गांव में छापा मारकर करीब 40 करोड़ रुपये कीमत की एमडी ड्रग और केमिकल जब्त किए थे। इस मामले में आरोपी याकुब, जमशेद उर्फ जम्मु लाला और साहिल फरार हो गए थे। इनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

हाल ही में 1 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी याकूब खां ने नशे की तस्करी से अर्जित धन से जावरा (मध्यप्रदेश) में अपनी पत्नी के नाम पर लगभग 1 करोड़ रुपये कीमत का होटल/लॉज खरीदा था। प्रतापगढ़ पुलिस ने इस संपत्ति को 28 अगस्त को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 एफ (1) के तहत फ्रीज कर दिया।

संयुक्त टीम की विशेष भूमिका

इस कार्रवाई में एजीटीएफ के महावीर सिंह, नरेंद्र पाटीदार, डीएसटी प्रभारी रविंद्र पाटीदार सहित उप निरीक्षक पन्नालाल, एएसआई प्रताप सिंह, और पुलिसकर्मी विनोद, नरेंद्र सिंह, पंकज, रमेश चंद, हेमेन्द्र सिंह, संदीप, अरविंद सिंह की अहम भूमिका रही। वहीं थाना पीपलखूंट के एसएचओ नरेश पाटीदार और उनकी टीम भी इस ऑपरेशन में शामिल रही।

Related Post