ताजासमाचार

फोटोग्राफरों ने रची मौत की स्क्रिप्ट ! आज रात मिलना वरना फोटो वायरल करेंगे — धमकी के बाद राधा की मिली लाश...ग्रामीणों ने S.P. को सौंपा ज्ञापन

नरेन्द्र राठौर / मनीष नायक 11 September, 2025

मंदसौर | जिले के ग्राम आरडी में मंगलवार रात एक 19 वर्षीय युवती की लाश कुएं से बरामद होने से हड़कंप मच गया। मृतका राधाकुंवर के परिजन और ग्रामीण इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित ब्लैकमेलिंग और हत्या की साजिश बता रहे हैं। मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो फरार बताए जा रहे हैं। पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है।

फोटोग्राफी की आड़ में शुरू हुआ शोषण-
परिजनों के मुताबिक, पास के गांव कालीयाखेड़ी के चार युवक शादी-ब्याह में फोटोग्राफी करते हैं। इसी बहाने वे लड़कियों की तस्वीरें लेते, उन्हें अश्लील तरीके से एडिट करते और फिर ब्लैकमेल कर बदनाम करने की धमकी देते। राधा नाबालिग उम्र से ही इस शोषण का शिकार रही। मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के चलते वह लगातार तनाव में थी।

आज रात नहीं आई तो फोटो वायरल कर देंगे...
8 सितंबर की दोपहर को राधा के घर के सामने आए आरोपियों ने उसे धमकी दी — "आज रात हमसे मिलने नहीं आई तो फोटो-वीडियो वायरल कर देंगे और जान से मार देंगे।" डरी सहमी राधा ने अपनी सहेली पायल को यह बात बताई और रात 8 बजे एक मैसेज भेजा — मैं फोटो डिलीट करवाने जा रही हूँ, अगर वापस नहीं आई तो समझ लेना कुछ हो गया है। इसके बाद राधा लापता हो गई...

कुएं के पास मिली चप्पल और दुपट्टा... फिर निकला शव--
परिजनों ने जब खोजबीन शुरू की तो जिस कुएं का जिक्र राधा ने किया था, वहाँ उसकी चप्पल और दुपट्टा मिला। ग्रामीणों ने जब कुएं में झाँका, तो वहां राधा का शव फंसा हुआ मिला।

परिजनों का आरोप - यह आत्महत्या नहीं, साजिश है--
ग्रामीणों और परिजनों ने साफ आरोप लगाया है की राधा को लगातार ब्लैकमेल और धमकी देकर एक षड्यंत्र के तहत मौत के मुंह में धकेला गया।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस इस मामले में केवल औपचारिक जांच कर रही है, जबकि यह मामला हत्या, बलात्कार, ब्लैकमेलिंग और पॉक्सो जैसी संगीन धाराओं के तहत दर्ज होना चाहिए।

एक गिरफ्तार, दो फरार 
घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य अब भी फरार हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को बचाने में लगी है और गंभीर धाराएं लगाने से बच रही है।

ग्रामीणों ने S.P. को सौंपा ज्ञापन, उच्च स्तरीय जांच की मांग
बुधवार को ग्रामीण और परिजन मंदसौर पहुंचे और एसडीओपी कीर्ति बघेल को पुलिस अधीक्षक विनोद मीणा के नाम ज्ञापन सौंपा। मांग की गई कि हत्या, ब्लैकमेलिंग और पॉक्सो की धाराएं लगाई जाएं, राज्य महिला आयोग व मानव अधिकार आयोग से जांच करवाई जाए, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और मुआवजा दिया जाए, सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो... 

Related Post