ताजासमाचार

सीआरपीएफ अंतर सेक्टर क्रॉस कंट्री रेस-2025 का नीमच में भव्‍य समापन

न्यूज डेस्क 19 August, 2025

नीमच। ग्रुप केंद्र नीमच के तत्वावधान में आयोजित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल अंतर सेक्टर क्रॉस कंट्री रेस प्रतियोगिता-2025 का मंगलवार को मेहता स्टेडियम में भव्‍य समापन हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में देशभर के सीआरपीएफ प्रशासनिक सेक्‍टरों की 18 टीमों ने उत्‍साहपूर्वक भाग लिया।क्रॉस कंट्री रेस को अन्य खेलों से अलग माना जाता है क्योंकि इसमें व्यक्तिगत दृढ़ संकल्प और टीम भावना दोनों का समावेश होता है। प्रतियोगिता में टीमों का मूल्यांकन प्वाइंट स्कोरिंग पद्धति से तथा धावकों का समय के आधार पर किया गया।टीम स्पर्धा में पश्चिमोत्‍तर सेक्‍टर चण्‍डीगढ़ ने प्रथम स्थान हासिल किया,जबकि मध्‍य प्रदेश सेक्‍टर भोपाल ने दूसरा और झारखंड सेक्‍टर रांची ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।व्यक्तिगत प्रतियोगिता में 77 बटालियन के सिपाही (जीडी) साहिल ने 39.39 मिनट में रेस पूरी कर प्रथम स्थान पर कब्जा किया। वहीं 245 बटालियन के सिपाही (जीडी) अनिल कुमार यादव ने 39.48 मिनट के साथ द्वितीय तथा 23 बटालियन के सिपाही (जीडी) दिघे किरन सुरेश ने 39.56 मिनट में दौड़ पूरी कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।समापन समारोह के मुख्य अतिथि सीटीसी नीमच के आईजी संदीप दत्ता रहे। उन्होंने विजेता टीमों को शील्ड और खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया। दत्ता ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल भावना और अनुशासन बल की सबसे बड़ी ताकत है। इस अवसर पर डीआईजी  सुरेन्‍द्र कुमार, ब्रिगेडियर (रिटा.) अनमोल सूद, कमांडेंट विजय कुमार, हरबिन्‍दर सिंह सहित सीआरपीएफ के अधिकारी, अधीनस्‍थ अधिकारी, खिलाड़ी और जवान उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ और खिलाड़ियों में उत्साह एवं गर्व की भावना स्पष्ट झलक रही थी।

Related Post