डेस्क न्यूज़
03 July, 2026
अन्य
नीमच। नीमच जिला ट्रायथलॉन एसोसिएशन एवं स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब के संयुक्त तत्वावधान में 4 एवं 5 जुलाई 2026 को नगर पालिका स्विमिंग पूल में जिला ट्रायथलॉन एवं एक्वाथलॉन चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में ट्रायथलॉन एवं एक्वाथलॉन खेलों को बढ़ावा देना, नई प्रतिभाओं की पहचान करना तथा खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
एसोसिएशन के सचिव नितेश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। आयोजन ट्रायथलॉन एवं एक्वाथलॉन के निर्धारित नियमों के अनुसार होगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
वॉटर स्पोर्ट्स मेंटॉर प्रभु मूलचंदानी एवं मोटिवेटर राकेश कोठारी ने बताया कि जिले का कोई भी इच्छुक खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीयन करा सकता है। पंजीयन के लिए खिलाड़ी नगर पालिका स्विमिंग पूल परिसर में प्रतिदिन सुबह 5 से 8 बजे तथा शाम 5 से 8 बजे के बीच कोच नीलेश घावरी, आयुष गौड़, सुधा सोलंकी, समीर सिंह जादौन, अभिषेक अहीर, रोहित अहीर, मयंक कटारिया, दीपेंद्र भटनागर एवं संजय गेहलोत से संपर्क कर सकते हैं।
आयोजन समिति ने जिले के खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं विद्यालयों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और बड़े स्तर तक पहुंचने का सुनहरा अवसर है। आयोजन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।