ताजासमाचार

पत्रकार संघ की सदस्यता और माईक आईडी के सहारे तस्करी करता नीमच का फर्जी पत्रकार 70 लाख की अफीम के साथ गिरफ्तार। हरियाणा पुलिस का एक्शन

डेस्क न्यूज़ 03 July, 2026 अन्य

नीमच | एक बार फिर मध्यप्रदेश का नीमच जिला अंतरराज्यीय नशा तस्करी के मामले को लेकर चर्चा में है। हरियाणा के फतेहाबाद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 'प्रेस' स्टिकर लगी कार और चार प्रेस आईकार्ड के सहारे पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे तस्करों को 13 किलो 60 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में नीमच जिले के बरलाई निवासी ईश्वर लाल पाटीदार  और बैजलपुर निवासी सोना प्रजापति पकड़े गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और साथ मिलकर अफीम की खेप लेकर हरियाणा पहुंचे थे।

जानकारी के अनुसार सीआईए रतिया पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एनएच-9 स्थित धांगड़ पुल के पास नाकाबंदी की। इस दौरान दिल्ली नंबर की होंडा सिटी कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 13 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने कार को जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी मध्यप्रदेश से अफीम की खेप लेकर हरियाणा और पंजाब में सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस जांच और नाकों से बचने के लिए कार पर 'सुदर्शन टूडे' समाचार पत्र का स्टिकर लगाया गया था। वहीं मुख्य आरोपी ईश्वर लाल के पास से चार प्रेस आईकार्ड भी बरामद हुए हैं, जिनका इस्तेमाल वह खुद को मीडिया कर्मी बताकर पुलिस को गुमराह करने के लिए करता था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी ईश्वर लाल के खिलाफ पहले भी पंजाब के बठिंडा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा अफीम की यह खेप किस तक पहुंचाई जानी थी।

Related Post