ताजासमाचार

भाजपा सरकार पर कांग्रेस का बड़ा हमला, किसानों से लेकर कथित घोटालों तक कई मुद्दों पर खोला मोर्चा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती बोले- प्रदेशभर में चरणबद्ध होगा आंदोलन 

डेस्क न्यूज़ 03 July, 2026 अन्य

नीमच। गांधी भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याओं, युवाओं के भविष्य, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा प्रदेश में कथित घोटालों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर जवाबदेही से बच रही है और कांग्रेस अब इन मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी।

तरुण बाहेती ने प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी प्रेस नोट का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में आस्था, किसानों, युवाओं और गरीबों से जुड़े कई मामलों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने राम मंदिर से जुड़े कथित घोटाले, नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जुड़े कथित भूमि खरीद मामले, किसानों के लिए खाद-बीज की कमी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन में देरी तथा नीमच-भोपाल ग्रीन फील्ड कॉरिडोर में जिले की कथित उपेक्षा जैसे मुद्दे उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन के बीच किसान डीएपी, यूरिया और बीज के लिए परेशान हैं। ई-टोकन व्यवस्था और तकनीकी खामियों के कारण उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। वहीं लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री से भूमि खरीद संबंधी आरोपों पर स्थिति स्पष्ट करने की भी मांग की।

कांग्रेस ने घोषित किया आंदोलन का कार्यक्रम

प्रदेश कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित आंदोलन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि सभी जिलों में प्रेस वार्ताएं आयोजित की जाएंगी। "छात्रों की गूंज" अभियान के माध्यम से नीट और अन्य परीक्षा घोटालों के खिलाफ जनजागरण किया जाएगा। 14 और 15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक 'जेन-ज़ेड साइक्लोथॉन' निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री के प्रत्येक जिले के दौरे पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा तथा 15 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। जुलाई के अंतिम सप्ताह में उज्जैन भूमि आवंटन प्रकरण को लेकर महाआंदोलन और महारैली आयोजित करने की घोषणा भी की गई।

भ्रष्टाचार की शिकायतों के लिए बनेगा डिजिटल पोर्टल

कांग्रेस ने बताया कि जल्द ही एक विशेष डिजिटल पोर्टल शुरू किया जाएगा, जिस पर प्रदेश का कोई भी नागरिक सत्ताधारी विधायकों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार, घोटालों और अवैध भूमि कब्जों से संबंधित दस्तावेज गोपनीय रूप से अपलोड कर सकेगा। पार्टी का दावा है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

नीमच-नंदुरबार रेलवे लाइन पर भी रखी नजर

प्रेस वार्ता में नीमच से नंदुरबार तक प्रस्तावित 380 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन का मुद्दा भी उठाया गया। तरुण बाहेती ने बताया कि परियोजना का सर्वे कार्य जारी है और अभी यह तय नहीं हुआ है कि रेल लाइन किन-किन स्टेशनों से होकर गुजरेगी। उन्होंने कहा कि जीरन क्षेत्र के आसपास भी सर्वे किया जा रहा है। जब तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आती, तब तक किसी भी रूट या स्टेशन को लेकर निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। कांग्रेस इस परियोजना पर लगातार नजर रखे हुए है और जिले के हितों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी।

प्रेस वार्ता में पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मन्नू बना, मधु बंसल, बृजेश सक्सेना, आशा सांभर, मनोहर अंब, भगत वर्मा सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post