ताजासमाचार

एआई से भविष्य संवारने की सीख: भारत विकास परिषद की दो दिवसीय कार्यशाला में विद्यार्थियों ने सीखी नई तकनीक

डेस्क न्यूज़ 03 July, 2026 अन्य

नीमच। भारत विकास परिषद मुख्य शाखा, नीमच द्वारा विद्यार्थियों को भविष्य की आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से "एआई फॉर योर फ्यूचर – एआई का उपयोग अपने भविष्य के लिए" विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। 1 एवं 2 जुलाई को आयोजित इस कार्यशाला का पहला सत्र सरस्वती शिशु विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा दूसरा सत्र कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित हुआ, जिसमें 150 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यशाला में संयुक्त राज्य अमेरिका से आईं अतिथि वक्ता अरुषा गोयल ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की उपयोगिता, संभावनाओं और जिम्मेदार उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एआई अब केवल तकनीकी क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पत्रकारिता, कृषि, उद्योग और व्यवसाय सहित लगभग हर क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोल रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने और एआई का सकारात्मक एवं सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को चैटजीपीटी, जैमिनी, क्लाउड तकनीक और अन्य आधुनिक एआई प्लेटफॉर्म्स के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। जनरेटिव एआई की बुनियादी एवं उन्नत क्षमताओं, डेटा विश्लेषण, कोडिंग सहायता तथा आधुनिक एआई मॉडल्स की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया। साथ ही डिजिटल सुरक्षा, नैतिक उपयोग और जिम्मेदार एआई अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।

विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रभावी प्रॉम्प्ट लिखने की तकनीक (प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग) भी सिखाई गई। उन्हें केवल जानकारी प्राप्त करने तक सीमित न रहकर रचनात्मक सोच, समस्या समाधान और करियर योजना में एआई को एक उपयोगी सहयोगी के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। एआई की मदद से करियर चयन की गतिविधि विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र का शुभारंभ सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन एवं अतिथि परिचय दिया। विद्यालय के चेयरमैन प्रह्लादराय गर्ग दडोली एवं प्राचार्य कविता जिंदल ने अतिथि अरुषा गोयल का सम्मान किया। दूसरे सत्र का आयोजन कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुआ, जहां प्रिंसिपल सिस्टर सौम्या ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय प्रबंधन ने अरुषा गोयल, परिषद अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता एवं इवेंट चेयरमैन अरविन्द गोयल का स्वागत किया।

कार्यक्रम में परिषद के सचिव सतीश गोयल, कोषाध्यक्ष संदीप दरक, सह सचिव संजय डांगी, मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी, मधुसूदन खंडेलवाल, मुकेश डबकरा, आशीष मित्तल एवं कमल धनोतिया सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। दोनों विद्यालयों के शिक्षकों एवं कंप्यूटर प्रयोगशाला स्टाफ के सहयोग से कार्यशाला का सफल आयोजन संपन्न हुआ। परिषद ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ते हुए उन्हें डिजिटल युग की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करना है।

Related Post