ताजासमाचार

टीवीएस शोरूम चौराहे पर दो सांडों की भिड़ंत से मची अफरा-तफरी, आधे घंटे तक बाधित रहा यातायात

डेस्क न्यूज़ 03 July, 2026 अन्य

नीमच। शहर के व्यस्त टीवीएस शोरूम चौराहे पर गुरुवार को दो आवारा वृषभों (सांडों) की जबरदस्त भिड़ंत से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अचानक सड़क के बीच शुरू हुई लड़ाई से वाहन चालकों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने अपने वाहन बीच रास्ते में ही रोक दिए, जबकि कुछ चालक सुरक्षित निकलने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेते नजर आए। करीब आधे घंटे तक चले इस घटनाक्रम से यातायात भी प्रभावित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गायत्री मंदिर रोड से ग्वालटोली निरोगधाम मार्ग तक प्रतिदिन बड़ी संख्या में गोवंश और वृषभ सड़क पर विचरण करते हैं। इसी दौरान दो वृषभ आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते उनमें जोरदार भिड़ंत शुरू हो गई। लड़ाई के दौरान दोनों सांड कभी सड़क के एक किनारे तो कभी दूसरे किनारे दौड़ते रहे, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने पानी डालकर और लकड़ियों की मदद से दोनों वृषभों को अलग करने का प्रयास किया, लेकिन वे बार-बार एक-दूसरे पर हमला करते रहे। काफी मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा या जनहानि नहीं हुई।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से गोवंश की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि शहर की प्रमुख सड़कों पर बड़ी संख्या में घूम रहे आवारा पशु आए दिन दुर्घटनाओं और जाम का कारण बन रहे हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे गोवंश को पकड़कर गौशालाओं में भेजा जाए तथा लापरवाही बरतने वाले पशु मालिकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए।

नागरिकों का कहना है कि पूर्व में भी वृषभों की लड़ाई के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में नगर पालिका को इस गंभीर समस्या पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

Related Post