डेस्क न्यूज़
03 July, 2026
अन्य
नीमच। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के उल्लासपूर्ण माहौल में बावड़ी वाले बालाजी खाटू श्याम धाम पैदल यात्रा संघ, ग्वालटोली द्वारा आयोजित चौथी पैदल यात्रा का शुभारंभ हुआ। मारुति नंदन बालाजी मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं बाबा खाटू श्याम की आराधना के बाद 22 श्याम भक्तों का जत्था जय श्री श्याम के जयकारों के बीच खाटू धाम के लिए रवाना हुआ।
यात्रा के शुभारंभ अवसर पर मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। श्याम भक्तों ने "हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा" के जयघोष के साथ यात्रियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। भक्तिमय माहौल में रवाना हुआ यह जत्था अगले 10 दिनों में लगभग 400 किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर राजस्थान स्थित विश्वप्रसिद्ध खाटू श्याम धाम पहुंचेगा।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु प्रतिदिन करीब 40 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। यह जत्था नीमच से निंबाहेड़ा, चित्तौड़गढ़, सांवलिया सेठ, विजयपुर, नसीराबाद और रेणवाल होते हुए खाटू धाम पहुंचेगा, जहां बाबा श्याम के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना करेगा।
पैदल यात्रा संघ के सदस्यों ने बताया कि यह लगातार चौथे वर्ष आयोजित की जा रही यात्रा है। हर वर्ष इसमें शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, जो बाबा श्याम के प्रति लोगों की अटूट आस्था का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि श्रद्धा, अनुशासन, सेवा, समर्पण और आपसी भाईचारे का भी संदेश देती है। ग्वालटोली सहित पूरे शहर के लिए यह यात्रा अब आस्था और गौरव का प्रतीक बन चुकी है।
यात्रा रवाना होने से पूर्व नवयुग मंडल समिति के सदस्यों, समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं ने यात्रियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया और सफल एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिरस में डूबा रहा और बाबा श्याम के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।