डेस्क न्यूज़
03 July, 2026
अन्य
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के पूर्व प्रदेश महासचिव राकेश यादव ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के साथ उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व और संगठन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनके इस फैसले से कांग्रेस की अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है।
राकेश यादव ने अपने इस्तीफे के पीछे प्रदेश नेतृत्व से मतभेद को प्रमुख वजह बताया। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के योग्य नहीं हैं। साथ ही उन्होंने मीडिया डिबेट के बहिष्कार के फैसले पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि यदि कांग्रेस के नेता टीवी डिबेट में शामिल ही नहीं होंगे, तो पार्टी अपनी बात जनता तक कैसे पहुंचाएगी।
सूत्रों के अनुसार, राकेश यादव लंबे समय से प्रदेश संगठन की कार्यशैली और कुछ संगठनात्मक निर्णयों से असहमत थे। उनका इस्तीफा ऐसे समय सामने आया है, जब प्रदेश कांग्रेस पहले से ही गुटबाजी और वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी को लेकर चर्चा में है।
फिलहाल कांग्रेस की ओर से राकेश यादव के इस्तीफे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि राजनीतिक गलियारों में इसे प्रदेश कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि पार्टी नेतृत्व वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी दूर करने में सफल नहीं हुआ, तो आगामी समय में संगठन को और चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।