डेस्क न्यूज़
03 July, 2026
अन्य
नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र के चीताखेड़ा कस्बे में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बस स्टैंड स्थित एक निजी चिकित्सालय के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित मारुति सिलेरियो कार अचानक भीड़ में घुस गई। हादसे में सात लोग घायल हो गए, जबकि सड़क किनारे खड़ी कई मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुरा निवासी माखनलाल (22) पिता लालू बंजारा टिन शेड लगाने के दौरान घायल हो गया था। परिजन उसे उपचार के लिए चीताखेड़ा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। घायल के अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल के बाहर एकत्रित हो गए। इसी दौरान मुख्य मार्ग से गुजर रही एक मारुति सिलेरियो कार के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे भीड़ में जा घुसी। कार ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों को भी टक्कर मार दी।
हादसे में माखनलाल पिता लालू बंजारा, महेंद्र पिता छगनलाल माली, सत्यनारायण पिता किशोरीलाल शर्मा, गोपाल पिता दौलतराम मोची, सत्तू पिता कन्हैयालाल नाई, बादल पिता रामलाल बंजारा और राजू पिता भीमसिंह (सभी निवासी लक्ष्मीपुरा) घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जीरन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खो देना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।