ताजासमाचार

'विकसित भारत गारंटी मिशन' का शुभारंभ, ग्रामीण रोजगार और आजीविका को मिलेगी नई गति: विधायक परिहार

डेस्क न्यूज़ 02 July, 2026 अन्य

नीमच। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं महाजीविका मिशन (ग्रामीण)' का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नीमच जिले में भी ग्रामीण विकास एवं आजीविका सशक्तीकरण को लेकर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। नीमच विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भरभड़िया में आयोजित कार्यक्रम में मिशन के राष्ट्रीय शुभारंभ का सीधा प्रसारण देखा गया तथा ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत पदाधिकारियों को मिशन की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि 'विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं महाजीविका मिशन (ग्रामीण)' का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करना, स्थायी आजीविका के साधनों को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है। योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि, स्वरोजगार को प्रोत्साहन, महिला सशक्तीकरण और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष फोकस रहेगा। साथ ही युवाओं को रोजगार से जोड़ने और गांवों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह मिशन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार ऐसी योजनाएं लागू कर रही है, जिनका सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि 'विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं महाजीविका मिशन (ग्रामीण)' विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस मिशन से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे, युवाओं को गांवों में ही आजीविका के साधन मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे और हर परिवार की आय में वृद्धि होगी।

कार्यक्रम के दौरान मिशन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी साझा की गई। ग्रामीणों को बताया गया कि यह योजना रोजगार सृजन, स्वरोजगार, आजीविका संवर्धन और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने का कार्य करेगी। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकासोन्मुखी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीणों की अधिक से अधिक भागीदारी पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर सरपंच संगीता सत्यनारायण पाटीदार, भाजपा महामंत्री सतीश यादव, ममता नागदा, विधायक प्रतिनिधि दीपक नागदा, जनपद सदस्य दशरथ पाटीदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आरिफ खान, सरपंच गोपाल शर्मा, दिलीप पुरोहित, देवकिशन शर्मा, जितेंद्र माली, लालजी सेन, दानमचंद पटेल, प्रहलाद गुर्जर, बालमुकुंद पाटीदार, दुर्गाशंकर मेघवाल, गुड्डू जाट, राजेश पाटीदार सहित नीमच विधानसभा क्षेत्र के सभी सरपंच, सचिव, सहायक सचिव, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने मिशन के उद्देश्यों और संभावित लाभों की जानकारी प्राप्त की तथा ग्रामीण विकास और रोजगार के क्षेत्र में इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताया। अधिकारियों ने भी सभी पात्र हितग्राहियों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और गांवों के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Related Post