ताजासमाचार

2 लाख के ऋण से बदली जिंदगी: मसाला उद्योग शुरू कर आत्मनिर्भर बनीं राधा यादव

डेस्क न्यूज़ 03 July, 2026 अन्य

नीमच। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बदलाव की नई कहानी लिख रही हैं। इसका प्रेरक उदाहरण नीमच सिटी के वार्ड क्रमांक-5 निवासी राधा यादव हैं, जिन्होंने मध्यप्रदेश शासन की संत रविदास स्वरोजगार योजना का लाभ लेकर अपना मसाला उद्योग स्थापित किया और आज आत्मनिर्भर बनने के साथ अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं।

राधा यादव को जिला अंत्यावसायी कार्यालय, नीमच के माध्यम से संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत यूको बैंक, नीमच शाखा से 2 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। इस आर्थिक सहायता से उन्होंने अपने घर पर लघु मसाला उद्योग शुरू किया, जो आज सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। इस व्यवसाय से उन्हें प्रतिमाह लगभग 10 से 12 हजार रुपये की नियमित आय हो रही है।

राधा बताती हैं कि पहले परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। घर का खर्च चलाना और बच्चों की पढ़ाई जैसी जरूरतें पूरी करना मुश्किल था। लेकिन स्वरोजगार शुरू होने के बाद परिवार की आय बढ़ी है और अब वे बच्चों की शिक्षा, परिवार की आवश्यकताओं और भविष्य के लिए बचत भी कर पा रही हैं।

उन्होंने अपने उद्योग के माध्यम से अन्य महिलाओं को भी रोजगार उपलब्ध कराया है। इससे न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई, बल्कि स्थानीय स्तर पर महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिला है।

राधा यादव ने अपनी सफलता का श्रेय मध्यप्रदेश शासन की जनहितकारी योजनाओं, जिला प्रशासन, जिला अंत्यावसायी कार्यालय तथा यूको बैंक को दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके परिवार के जीवन में नई उम्मीद और आर्थिक मजबूती का संचार किया है।

Related Post