ताजासमाचार

घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला, एक ही परिवार के 10 लोग घायल; इंसाफ की गुहार लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ित

डेस्क न्यूज़ 03 July, 2026 अन्य

नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र के ग्राम सुवाखेड़ा में पुरानी रंजिश के चलते एक ही परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि देर रात एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें एक ही परिवार के करीब आठ से दस लोग घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने नीमच पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपियों सहित अन्य के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित दीपक भील ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 25 जून को ट्रैक्टर धीरे चलाने की बात को लेकर गांव के कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते 2 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे राधेश्याम, विक्रम, दिनेश, अर्जुन, दशरथ सहित आठ नामजद और तीन अज्ञात आरोपी उसके घर पहुंचे।

आरोप है कि पहले आरोपियों ने घर पर पत्थरबाजी की और फिर जबरन घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। मारपीट में दीपक भील, उसकी पत्नी पूजा, भाई पिंटू, भाभी सुशीला, जीजा कैलाश, बहन नंदूबाई, मां सुगनाबाई और रिश्तेदार घीसीबाई सहित परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। कई लोगों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर घायलों को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पीड़ित दीपक भील का आरोप है कि जाते समय आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर गए। उनका कहना है कि इससे पहले भी आरोपियों द्वारा मारपीट की गई थी और जावद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए और उन्होंने दोबारा हमला कर दिया।

घटना के बाद पीड़ित परिवार नीमच पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों को आवेदन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की गई होती तो दोबारा इस तरह की घटना नहीं होती। उन्होंने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग भी की।

Related Post