ताजासमाचार

पत्रकार और प्रशिक्षु चिकित्सक के बीच विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान, प्रशिक्षु चिकित्सक साहिल खान ने मानी गलती

डेस्क न्यूज़ 11 August, 2025

नीमच। रविवार को जिला अस्पताल में कवरेज के दौरान पत्रकार महेंद्र उपाध्याय और मेडिकल कॉलेज के प्रशिक्षु चिकित्सक साहिल खान के बीच हुए विवाद का सोमवार को सुखद अंत हो गया। यह विवाद तब शुरू हुआ था जब साहिल खान ने महेंद्र उपाध्याय का मोबाइल छीनकर घायलों की तस्वीरें डिलीट कर दी थीं।

प्रेस क्लब ने सौंपा पत्र

मामले की गंभीरता को देखते हुए नीमच जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्याम गुर्जर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मेडिकल कॉलेज के डीन आदित्य एस.बेरड़ और सिविल सर्जन महेंद्र पाटिल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष ललितसिंह चूंडावत, कोषाध्यक्ष श्याम सारड़ा, सहसचिव मुकेश शर्मा और कार्यकारिणी सदस्य राजू नागदा "दास्सा" भी शामिल थे। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए एक पत्र सौंपा। डीन और सिविल सर्जन ने पत्रकारों के साथ बेहतर व्यवहार का भरोसा दिलाया।

गले मिलकर खत्म हुआ विवाद

इस दौरान प्रशिक्षु चिकित्सक साहिल खान ने पत्रकार महेंद्र उपाध्याय से अपने व्यवहार के लिए खेद व्यक्त किया। दोनों ने गले मिलकर मतभेद दूर किया, जिसके बाद यह पूरा मामला शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।

Related Post