सत्यनारायण शर्मा
21 June, 2025
जावद। (सत्यनारायण शर्मा) जावद नगर ही नहीं अपितु अविभाजित मंदसौर नीमच जिले के वरिष्ठतम, जनसंघ भाजपा के संस्थापक सदस्यों में से एक, जावद नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष व अभिभाषक संघ जावद के पूर्व अध्यक्ष, क्षेत्र के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री नरेंद्र कुमार तिवारी का दिनांक 20 जून 2025 को निधन हो गया। उनके निधन के समाचार से संपूर्ण नगर में शोक की लहर फैल गई । श्री नरेंद्र कुमार तिवारी मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार सकलेचा के संघर्ष के साथी रहे तथा देश में आपातकाल के दौरान 19 महीने तक जेल की कठिन यातना भी सही जिसके कारण वे लोकतंत्र रक्षक सेनानी के रूप में शासन से कई बार सम्मानित हो चुके हैं। श्री तिवारी ने जीवन में उच्च आदर्श ईमानदारी व पारदर्शिता की राजनीति को महत्व दिया साथ ही नगर की अनेक सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक, संस्थाओं में अग्रणी भूमिका में रहे किंतु उनके व्यवहार में कभी भी पद का अहंकार नहीं देखा गया ।
पैशे से वकालत के व्यवसाय में भी उनकी निष्ठा और ईमानदारी के चर्चे आज भी सुने जाते हैं। लंबे समय तक शासकीय अधिवक्ता के रूप में भी उन्होंने कार्य किया। हमेशा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक के नाते पैदल व साइकिल से भ्रमण कर उन्होंने पूरे विधानसभा क्षेत्र में विपरीत परिस्थितियों में जनसंघ भाजपा को खड़ा करने के संघर्ष में जीवन का अधिकांश समय लगाया। तथा राष्ट्रीय विचारधारा की भावनाओं को जागृत करने में अंतिम समय तक पूरा जीवन समर्पित कर दिया। वे उच्च श्रेणी के अध्ययनशील, कर्तव्य परायण व कठिन परिश्रम से जीवन जीने में यकीन रखते थे। स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार सकलेचा के साथी होने के पश्चात भी वे राजनीतिक लोभ या लालच से सदैव दूर रहे एवं पद की लालसा तो उनके व्यक्तित्व से कोसों दूर थी।
वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं किंतु उनके असामायिक निधन से भाजपा पार्टी को जो क्षति हुई है उसकी पूर्ति की जाना संभव नहीं है। संपूर्ण नगर उन्हें हमेशा अपने उच्च आदर्शमय जीवन के लिए याद रखेगा। ऐसे प्रेरणादाई व्यक्तित्व कै धनी नरेंद्र कुमार जी तिवारी के श्री चरणों में शत-शत नमन, विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित।भगवान अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें ।
ओम शांति शांति
एडवोकेट सत्यनारायण शर्मा
शवयात्रा आज
हमारे पूज्य पिताजी एवं मनीष,राहुल,अतुल,
तुषार, केशव, अभय, अनय एवं राम के दादाजी व निर के परदादाजी *लोकतंत्र सेनानी रक्षक (मीसा बंदी) एडवोकेट नरेंद्रजी तिवारी* का स्वर्गवास दिनांक 20- 6- 2025 शुक्रवार को हो गया है। जिनकी अंतिम यात्रा दिनांक 21/6/ 2025 शनिवार को प्रातः 10:00 बजे हमारे निवास स्थान बैंगनपुरा से निकलेगी।
-शोकाकुल
अनिल, मुकेश, दीपक, कृष्णकांत, नवीन,धर्मेंद्र एवं तिवारी परिवार जावद