ताजासमाचार

मेलखेड़ा स्कूल में करियर गाइडेंस कार्यक्रम: वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर संभव और नैतिक ने बताए NEET-IIT सफलता के मूलमंत्र

द वॉचमैन पोस्ट 26 July, 2026 अन्य

शामगढ़/मेलखेड़ा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेलखेड़ा में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए करियर गाइडेंस एवं मोटिवेशनल स्पीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के करियर काउंसलर ऋषभ दास बैरागी के आमंत्रण पर वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर संभव डपकरा (NEET) एवं नैतिक मुजावदिया (IIT-JEE) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य मदनलाल जाटवा ने की।

कार्यक्रम में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं को NEET और IIT-JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन तैयारी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अतिथियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासित तरीके से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। संभव डपकरा ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए सोशल मीडिया और मोबाइल के अनावश्यक उपयोग से दूरी बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि सही रणनीति, नियमित अध्ययन और दो वर्षों की निरंतर मेहनत से बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। वहीं नैतिक मुजावदिया ने छात्रों को अपनी संघर्षपूर्ण यात्रा बताते हुए कहा कि कक्षा 10वीं में अपेक्षा से कम अंक आने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। दो वर्षों तक लगातार ऑनलाइन अध्ययन और कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने IIT-JEE जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त की। मार्गदर्शन सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अध्ययन की रणनीति और सफलता के सूत्रों से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका दोनों अतिथियों ने सरल एवं प्रेरणादायक तरीके से उत्तर दिया।

कार्यक्रम के बाद संभव डपकरा, नैतिक मुजावदिया, प्राचार्य मदनलाल जाटवा एवं विद्यालय स्टाफ ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से घोषणा की गई कि इस वर्ष कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले तथा IIT-JEE एवं NEET में चयनित होने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन दुर्गेश शर्मा ने किया, जबकि अंत में ऋषभ दास बैरागी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक और उपयोगी बताया।

Related Post