द वाॅचमेन पोस्ट
22 July, 2026
सामाजिक
निम्बाहेड़ा, मोरवन और नीमच से आई रोशनी की मिसाल... तीन परिवारों ने अपनों की आंखें दान कर कई जिंदगियों में उजाला भरने का किया संकल्प।
नीमच। अंधत्व निवारण और नेत्रदान के क्षेत्र में अग्रणी संस्था लायंस क्लब सेंट्रल नीमच ने लगातार तीन दिनों में तीन नेत्रदान प्राप्त कर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। क्लब को सत्र 2026-27 के दूसरे, तीसरे और चौथे नेत्रदान के रूप में निम्बाहेड़ा, मोरवन और नीमच से नेत्रदान प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही संस्था द्वारा अब तक प्राप्त कुल नेत्रदानों की संख्या बढ़कर 2302 पहुंच गई है।
मानव सेवा और अंधत्व निवारण के क्षेत्र में वर्षों से कार्य कर रही लायंस क्लब सेंट्रल नीमच ने एक बार फिर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। महज तीन दिनों के भीतर क्लब को तीन नेत्रदान प्राप्त हुए, जिससे सत्र 2026-27 में नेत्रदानों की संख्या चार और कुल नेत्रदानों का आंकड़ा 2302 तक पहुंच गया।
20 जुलाई को निम्बाहेड़ा निवासी कुलवंत सिंह अरोरा के मरणोपरांत नेत्रदान प्राप्त हुए। यह निम्बाहेड़ा के अरोरा परिवार एवं पंजाबी समाज का पहला नेत्रदान बताया जा रहा है। इस नेत्रदान में लायंस क्लब नीमच सेंट्रल और लायंस क्लब निम्बाहेड़ा गोल्ड के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया।
इसके अगले दिन 21 जुलाई को बाबूलाल फाफरिया निवासी बस स्टैंड, मोरवन के मरणोपरांत नेत्रदान प्राप्त हुए। परिजनों ने दुःख की घड़ी में भी नेत्रदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। परिवार के इस निर्णय की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।
वहीं 22 जुलाई को राजेश नलवाया निवासी सीताजाजू नगर, नीमच के मरणोपरांत नेत्रदान प्राप्त हुए। उल्लेखनीय है कि नलवाया परिवार इससे पहले भी माता-पिता के नेत्रदान करवा चुका है। इस तरह परिवार ने नेत्रदान की प्रेरणादायी परंपरा को आगे बढ़ाया है।
तीनों नेत्रदानों की प्रक्रिया गोमाबाई नेत्रालय की विशेषज्ञ टीम द्वारा संपन्न कराई गई। लायंस क्लब सेंट्रल नीमच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सभी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों के इस निर्णय को समाज के लिए अनुकरणीय बताया।
नेत्रदान समिति चेयरपर्सन एवं पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र जारोली ने बताया कि नेत्रदान केवल दो लोगों की आंखों की रोशनी नहीं लौटाता, बल्कि किसी अंधेरे जीवन में नई उम्मीद भी जगाता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नेत्रदान का संकल्प लेने की अपील की।