ताजासमाचार

नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 79 लाख का डोडाचूरा पकड़ा; राजस्थान कनेक्शन उजागर

द वाॅचमेन पोस्ट 22 July, 2026 अपराध

पिकअप में छिपाकर लाई जा रही थी 5 क्विंटल से ज्यादा खेप, पायलटिंग कर रही अल्टो भी जब्त; एक गिरफ्तार, पांच फरार

नीमच। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच जाट चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 79 लाख रुपए से अधिक कीमत का 5 क्विंटल 28 किलो 180 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप और पायलटिंग कर रही अल्टो कार को भी कब्जे में लिया है। मामले में राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांच अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि आखिर इतनी बड़ी खेप किसके लिए और कहां पहुंचाई जा रही थी।
 रतनगढ़ थाना क्षेत्र की जाट चौकी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गोल डूंगरी चौराहे पर नाकाबंदी कर एक ऐसी खेप पकड़ी है, जिसकी कीमत लाखों में नहीं बल्कि करोड़ों के अवैध कारोबार से जुड़ी बताई जा रही है।
पुलिस ने एक महिंद्रा पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें 26 प्लास्टिक कट्टों में भरा 5 क्विंटल 28 किलो 180 ग्राम डोडाचूरा मिला। बरामद मादक पदार्थ की कीमत 79 लाख 22 हजार 700 रुपए आंकी गई है। मौके से अर्जुन पिता देवा बंजारा (25) निवासी सारण, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि तस्करों ने खेप को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए एक अल्टो कार को पायलट वाहन के रूप में लगाया था। पुलिस ने उक्त कार को भी जब्त कर लिया। कार्रवाई में पिकअप, अल्टो कार और मोबाइल सहित लाखों रुपए का मशरूका बरामद हुआ है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क से जुड़े जगदीश पिता गौरु बंजारा, रवि पिता दुला बंजारा, महेंद्र पिता भंवर बंजारा, प्रकाश पिता दुला बंजारा और अरुण पिता भंवर बंजारा मौके से फरार हो गए। सभी आरोपी राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के सारण गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस का मानना है कि पकड़ी गई खेप किसी बड़े सप्लाई नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। ऐसे में जांच अब केवल जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पता लगाया जा रहा है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था, इसकी डिलीवरी कहां होनी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं।
उप पुलिस महानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भूरालाल भाबर, चौकी प्रभारी नरेन्द्र सिंह राठौर और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

Related Post