डेस्क न्यूज़
23 July, 2026
प्रशासनिक
नीमच। शहर को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए नगर पालिका परिषद नीमच ने सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार को फ्रूट मार्केट क्षेत्र में सड़क पर कचरा फैलाने वाले 15 व्यापारियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹3300 का जुर्माना वसूला गया।
यह कार्रवाई मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के निर्देश पर प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई दल में सहायक राजस्व निरीक्षक योगेश टांकवाल, स्वच्छता निरीक्षक भारतसिंह भारद्वाज, भेरूलाल अहीर, गोपाल नरवाले सहित नगर पालिका का अमला मौजूद रहा। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि कई व्यापारी फल और अन्य अपशिष्ट सामग्री सीधे सड़क पर फेंक रहे थे, जिससे बाजार क्षेत्र में गंदगी फैल रही थी और आम लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मौके पर ही 15 व्यापारियों के चालान बनाए गए और उनसे कुल ₹3300 का जुर्माना वसूला गया।
प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक ने बताया कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। सड़क, नाली और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ नियमित रूप से चालानी कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका ने सभी दुकानदारों और व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन रखने तथा कचरा केवल नगर पालिका की कचरा गाड़ी या निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।