ताजासमाचार

MD ड्रग्स, पिस्टल और डोडाचूरा के साथ दो तस्कर दबोचे, बघाना से प्रतापगढ़ तक फैले नेटवर्क का खुलासा, सात आरोपी नामजद

द वाॅचमेन पोस्ट 22 July, 2026 अपराध

'नशे से दूरी, है जरूरी 2.0' अभियान में बघाना पुलिस का बड़ा प्रहार, 9 आरोपी रडार पर; 54.6 ग्राम MD ड्रग्स, 5 किलो डोडाचूरा और हथियार बरामद

नीमच। नीमच में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ा वार करते हुए एमडी ड्रग्स, डोडाचूरा और अवैध हथियार के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई इतनी बड़ी मानी जा रही है कि जांच में कुल 9 लोगों का नेटवर्क सामने आया है, जिनमें से दो आरोपी पुलिस गिरफ्त में हैं जबकि सात अन्य को सह आरोपी बनाया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और डीजीपी के निर्देश पर चलाए जा रहे 'नशे से दूरी, है जरूरी 2.0' अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में बघाना थाना प्रभारी राधेश्याम दांगी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बघाना के दो युवक बाइक पर एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा लेकर धनेरिया की ओर से छोटीसादड़ी रोड पर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने धनेरिया कला-आरणिया फंटा पर नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में मुखबिर द्वारा बताई गई बाइक दिखाई दी, जिसे रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 54.6 ग्राम एमडी ड्रग्स, 5 किलो डोडाचूरा, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP44MR2346 जब्त की। मौके से फिरोज पिता शब्बीर (35) निवासी नाका नंबर-4 बघाना और अमन उर्फ सादिक पिता अब्दुल सत्तार (20) निवासी जाकिर गली बघाना को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ और जांच में पुलिस के सामने नशे के कारोबार से जुड़े सात और नाम सामने आए। इनमें हमीद उर्फ चन्नु निवासी नाका नंबर-4 बघाना, इल्लु उर्फ इमरान निवासी सादड़ी रोड बघाना, कासम कुरेशी निवासी पुलिस चौकी के पीछे बघाना, रिहान पठान निवासी चांदमल गैरेज के पीछे नाका नंबर-4 बघाना, सोहेल निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान), बाबू उर्फ समीर निवासी स्कीम नंबर-8 बघाना तथा सलाम उर्फ गागू निवासी पेंच के सामने बघाना शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 15, 22, 29 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध क्रमांक 235/2026 दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि एमडी ड्रग्स की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
बघाना पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में सक्रिय नशे के नेटवर्क पर अब तक की बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और भी अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।

Related Post