डेस्क न्यूज़
22 July, 2026
राजनीति
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती बोले- छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास बर्दाश्त नहीं, सड़क से संसद तक जारी रहेगा संघर्ष
नीमच। दिल्ली में नीट परीक्षा मामले को लेकर छात्रों की आवाज उठाने के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार शाम जिला कांग्रेस कमेटी ने विजय टॉकीज चौराहे पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। राहुल गांधी के समर्थन और छात्रों के न्याय की मांग को लेकर लगाए गए नारों से विजय टॉकीज चौराहा देर तक गूंजता रहा। कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि देश के लाखों छात्र निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और अपने भविष्य की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय उसे दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने केवल छात्रों के पक्ष में आवाज उठाई थी, लेकिन उनकी गिरफ्तारी कर लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंचाई गई है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक नेता की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि युवाओं की उम्मीदों और लोकतंत्र की आवाज को कुचलने का प्रयास है।
बाहेती ने कहा कि कांग्रेस छात्रों, युवाओं, किसानों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रही है और आगे भी पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी। यदि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करेगी और लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करेगी तो कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने छात्रों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता लाने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और लोकतांत्रिक विरोध का सम्मान करने की मांग की।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया, संगठन महासचिव बृजेश मित्तल, ब्लॉक अध्यक्ष मोनू लोक्स, ओम दीवान, डॉ. पृथ्वी सिंह वर्मा, बाबू सलीम, मधु बंसल, मुकेश कालरा, संजीव पगारिया, योगेश प्रजापति, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा सांभर, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मन्नू बना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।