ताजासमाचार

खेत में पानी दे रहे थे किसान... अचानक सपोर्ट तार में दौड़ा करंट, मौके पर चली गई जान

द वाॅचमेन पोस्ट 20 July, 2026 दुर्घटना

नीमच। जिले के रेवली-देवली गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। खेत में प्याज की फसल की सिंचाई कर रहे 62 वर्षीय किसान झमकलाल नागदा की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुएं के पास लगे बिजली के खंभे के सपोर्ट वायर में अचानक करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से किसान खुद को बचा नहीं सके और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार झमकलाल नागदा सोमवार दोपहर अपने खेत में सिंचाई कार्य कर रहे थे। इसी दौरान बिजली के खंभे के सपोर्ट तार में करंट दौड़ गया। करंट इतना तेज था कि उनका पैर तार से चिपक गया और कुछ ही क्षणों में उनकी मौत हो गई। खेत में अकेले होने के कारण घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं लग सकी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उन्हें तलाशते हुए खेत पहुंचे। वहां झमकलाल अचेत अवस्था में पड़े मिले। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिजली व्यवस्था की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का पालन होता तो शायद यह हादसा टल सकता था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं बिजली विभाग से भी तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है कि आखिर सपोर्ट वायर में करंट कैसे प्रवाहित हुआ। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तकनीकी खामी का परिणाम था या कहीं न कहीं लापरवाही भी जिम्मेदार है।

Related Post