द वाॅचमेन पोस्ट
17 July, 2026
इंदौर/नीमच। सेंट्रल इंडिया के प्रतिष्ठित अंग्रेजी दैनिक फ्री प्रेस जर्नल के वार्षिक मिलन समारोह का आयोजन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में वर्ष 2025-26 के दौरान उत्कृष्ट एवं जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता करने वाले संवाददाताओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर फ्री प्रेस जर्नल के नीमच जिला संवाददाता पंकज मलिक को पूरे रीजन में उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रथम "बेस्ट रिपोर्टर अवार्ड" से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें वर्षभर प्रकाशित जनहित, सामाजिक सरोकारों और प्रभावशाली रिपोर्टिंग के आधार पर प्रदान किया गया। पुरस्कार फ्री प्रेस के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री जी.के. करनानी ने स्मृति चिन्ह भेंट कर प्रदान किया। पुरस्कारों की श्रृंखला में द्वितीय स्थान पर धार के प्रवीण तोमर तथा तृतीय स्थान पर झाबुआ के मनीष शाह रहे। तीनों पत्रकारों की उत्कृष्ट रिपोर्टिंग की समारोह में सराहना की गई।
फ्री प्रेस की संपादकीय टीम ने वर्ष 2025-26 के दौरान प्रकाशित समाचारों की गुणवत्ता, प्रभाव, विश्वसनीयता, जनहित और पत्रकारिता के मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया, जिसमें पंकज मलिक का चयन रीजन के सर्वश्रेष्ठ संवाददाता के रूप में किया गया। यह सम्मान उनकी निष्पक्ष, निर्भीक, जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता का महत्वपूर्ण प्रमाण माना जा रहा है।स्थानीय फ्री प्रेस परिसर में आयोजित समारोह में संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी, संपादकीय टीम, विभिन्न जिलों से आए संवाददाता एवं पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की विश्वसनीयता, डिजिटल दौर की चुनौतियों तथा जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर भी सार्थक विचार-विमर्श किया गया। पंकज मलिक की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर उनके सहयोगियों, इष्ट मित्रों, शुभचिंतकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा जिले के अनेक गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे नीमच जिले के लिए भी गौरव का क्षण बताया।