ताजासमाचार

खेल मैदान बचाने के लिए 23 जुलाई को खेल प्रेमियों की बैठक, सीएम राइज स्कूल निर्माण के विरोध में बनेगी आगे की रणनीति

डेस्क न्यूज़ 22 July, 2026 अन्य

नीमच। शहर के हृदय स्थल पर स्थित शासकीय जिला चिकित्सालय के समीप बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 का खेल मैदान शहर के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए एकमात्र प्रमुख मैदान माना जाता है। वर्तमान में इस मैदान का चयन सीएम राइज स्कूल के निर्माण के लिए किए जाने के बाद खेल प्रेमियों में चिंता का माहौल है।

खेल प्रेमियों का कहना है कि यदि इस मैदान पर निर्माण कार्य होता है तो शहर में खिलाड़ियों के लिए कोई भी बड़ा खेल मैदान शेष नहीं बचेगा। उनका आरोप है कि पहले से ही शहर के कई खेल मैदान अतिक्रमण और अन्य कारणों से समाप्त हो चुके हैं, ऐसे में यह मैदान भी खत्म होने से खिलाड़ियों के सामने अभ्यास और खेल गतिविधियों के लिए गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी।

इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार, 23 जुलाई को प्रातः 8:30 बजे उक्त खेल मैदान पर परेड स्थल के समीप सभी खेल प्रेमियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में मैदान को बचाने के लिए आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।

आयोजकों ने शहर के सभी खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे बिना किसी दलगत राजनीति के बैठक में शामिल होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं तथा खेल मैदान संरक्षण की मुहिम में सहभागी बनें।

उक्त जानकारी माय टीम क्रिकेट क्लब, लालसाई क्रिकेट कमेटी, नीमच पैंथर्स, मुकदर टाइगर टीम सहित अन्य खेल संगठनों एवं कीर्ति पंचोली द्वारा दी गई।

Related Post