ताजासमाचार

नीमच की फैक्ट्री में फिर बड़ा हादसा! मशीन की चपेट में आया बालक, हाथ कटने के बाद परिजनों ने मांगा न्याय

द वाॅचमेन पोस्ट 20 July, 2026 दुर्घटना

नीमच। मोरका मोड़ स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में हुए दर्दनाक हादसे ने श्रमिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फैक्ट्री में काम कर रहे एक किशोर मजदूर का हाथ मशीन की चपेट में आने से कट गया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। घटना के बाद परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है। परिजनों का दावा है कि घायल कुलदीप भाटी की उम्र 18 वर्ष से कम है और वह मजदूरी कर परिवार का सहारा बनने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान काम करते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घायल की मां का कहना है कि यदि फैक्ट्री में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो उनका बेटा आज इस हालत में नहीं होता।


घटना को लेकर परिजनों ने मोरका मोड़ स्थित जैन इको प्लास्ट फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक सावधानियां नहीं बरती गईं, जिसके चलते एक किशोर मजदूर का भविष्य दांव पर लग गया। परिजनों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग की है। फिलहाल पूरे मामले की जानकारी संबंधित विभागों और अधिकारियों तक पहुंच चुकी है। हादसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई या नहीं, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। वहीं जिला चिकित्सालय में घायल किशोर का उपचार जारी है और परिवार न्याय की आस लगाए बैठा है।

Related Post