डेस्क न्यूज़
22 July, 2026
सामाजिक
भक्ति, सत्संग और सेवा का संगम; गौवंश चिकित्सा प्रकल्प के लिए भी सहयोग का आह्वान
नीमच। स्थानीय रामद्वारा में मंगलवार को आयोजित 96वें श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। रामस्नेही सम्प्रदाय की तपोभूमि रहे इस पावन स्थल पर भक्तों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सनातन सत्संग मंडल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीहनुमान जी एवं अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के आद्य आचार्य स्वामी श्रीरामचरणजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर लाभार्थी दरक परिवार के हरिश दरक, अशोक दरक, राजेन्द्र दरक, विशाल दरक, अजय दरक, रोहित दरक एवं प्रवीण दरक सहित परिवारजनों ने पूजन-अर्चन किया।
सत्संग के दौरान भजनों की श्रृंखला ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। राजकुमार मारु ने "सिंदूर चढ़ाने से सब काम होता है" भजन प्रस्तुत किया, वहीं सत्यनारायण सोनी ने "सब मंगलमय कर देते हैं दक्षिण मुख के हनुमान प्रभु" भजन से श्रद्धाभाव व्यक्त किया। श्याम चौधरी ने "राम आएंगे" भजन की प्रस्तुति देकर पूरे भक्त मंडल को भावविभोर कर दिया। ओम सोनी ने "राम नाम आधार जिन्हें, वो पत्थर भी तिर जाते हैं" भजन के माध्यम से श्रीराम के प्रति अटूट विश्वास का संदेश दिया। गोपाल राठौर और कमल विजयवर्गीय ने भी अपनी मधुर प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी दरक परिवार द्वारा सभी श्रद्धालुओं को श्रीहनुमान चालीसा भेंट की गई। वहीं सनातन सत्संग मंडल ने नगर में संचालित गौवंश चिकित्सा सेवा प्रकल्प की जानकारी देते हुए समाजजनों से अधिकाधिक सहयोग की अपील की।
अंत में मंडल की ओर से उपस्थित श्रद्धालुओं एवं लाभार्थी परिवार का आभार व्यक्त किया गया तथा आगामी 97वें श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में सपरिवार शामिल होने का आग्रह किया गया। यह आयोजन 28 जुलाई, मंगलवार को प्रातः 8:30 बजे श्री द्वारिकाधीश मंदिर, बड़ा बाजार में आयोजित होगा।