ताजासमाचार

समय-सीमा समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव सख्त, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

द वॉचमेन पोस्ट 21 July, 2026 प्रशासनिक

नीमच। जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रक (टीएल) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन, अनुकंपा नियुक्ति एवं अन्य प्रशासनिक विषयों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सीईओ ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का संवेदनशीलता एवं सहानुभूतिपूर्वक परीक्षण कर उनका शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र हितग्राही का मामला अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी विभागों को शिकायतों का तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय रैंकिंग में सुधार लाने, 50 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने तथा अत्यधिक लंबित प्रकरण वाले विभागों को कारण बताओ सूचना-पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में श्रम पदाधिकारी को प्लास्टिक फैक्ट्री में हुए हादसे की विस्तृत जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने तथा घायल श्रमिक से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उसकी स्थिति जानने के निर्देश दिए गए। वहीं मुख्य नगरपालिका अधिकारी को शहर में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चलाने के लिए कहा गया। राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए वैष्णव ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि रास्ता विवाद, अतिक्रमण हटाने एवं अन्य राजस्व मामलों के निराकरण के बाद मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण और सत्यापन से शासन की कार्रवाई अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनेगी। बैठक में अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम पराग जैन, एसडीएम संजीव साहू, एसडीएम किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, श्रुति भयडिया सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post