ताजासमाचार

इनरव्हील क्लब नीमच का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, नई कार्यकारिणी ने संभाली जिम्मेदारी, जरूरतमंदों को ट्रायसाइकिल व साइकिल भेंट

डेस्क न्यूज़ 21 July, 2026 अन्य

नीमच। अंतरराष्ट्रीय सेवा संस्था इनरव्हील क्लब नीमच का वर्ष 2026-27 के लिए शपथ ग्रहण समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2025-26 की अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा एवं सचिव प्रेरणा शर्मा ने अपना कार्यभार नई अध्यक्ष सिम्मी सलूजा और सचिव अल्का श्रीवास्तव को सौंपा।

कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम अध्यक्ष चित्रा परिहार एवं मुख्य अतिथि एएसपी हेमलता अग्रवाल द्वारा मां सरस्वती एवं इनरव्हील के संस्थापक ओलिवर गोल्डी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान अतिथियों का स्वागत किया गया तथा पूर्व अध्यक्ष सरोज गांधी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

निवर्तमान अध्यक्ष अमरजीत कौर छाबड़ा ने कहा कि क्लब को डिस्ट्रिक्ट स्तर पर मिले 21 पुरस्कार सभी सदस्यों की सामूहिक मेहनत का परिणाम हैं। वहीं निवर्तमान सचिव प्रेरणा शर्मा ने वर्षभर की गतिविधियों की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य शिविर, निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन, सिंधी शाला में शौचालय निर्माण, फर्शीकरण एवं जल संरक्षण जैसे सेवा कार्यों का उल्लेख किया।

इनरव्हील की परंपरा के अनुसार निवर्तमान पदाधिकारियों ने नई कार्यकारिणी को कॉलर पिन पहनाकर पदभार सौंपा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सिम्मी सलूजा ने सेवा कार्यों को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

समारोह के दौरान सामाजिक सरोकार निभाते हुए प्रभात फेरी में शामिल होने वाली 15 महिलाओं को रेनकोट, एक जरूरतमंद दिव्यांग को ट्रायसाइकिल तथा एक छात्रा को साइकिल भेंट की गई। यह सहयोग पूर्व अध्यक्ष तृप्ति दुआ के माध्यम से किया गया।

इस अवसर पर सीसीसी चेयरमैन संगीता जोशी ने वर्ष की अंतरराष्ट्रीय थीम "फूलो-फलो, आगे बढ़ो" की जानकारी दी। कार्यक्रम अध्यक्ष चित्रा परिहार ने महिलाओं से समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि एएसपी हेमलता अग्रवाल ने कहा कि छोटी-छोटी मदद के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा करना ही सच्ची समाज सेवा है। समारोह में हेमलता अग्रवाल, अर्पिता मित्तल और दिव्या गोयल को इनरव्हील क्लब की सदस्यता प्रदान की गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए पूर्व अध्यक्ष सरोज गांधी का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन तृप्ति दुआ ने किया तथा आभार प्रदर्शन क्लब सचिव अल्का श्रीवास्तव ने किया।

Related Post