डेस्क न्यूज़
12 July, 2026
अन्य
नीमच। संयुक्त विभाग पेंशनर संघ का तृतीय वार्षिक अधिवेशन रविवार को स्वर्णकार मांगलिक भवन में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। अधिवेशन में जिले सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पेंशनर्स, पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने भाग लेकर संगठन की एकजुटता, वरिष्ठजनों के सम्मान और सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार रहे। मंच पर डॉ. जयंत बैरागी (झाबुआ), कैलाश सेन (इंदौर), बालचंद वर्मा, जगमोहन श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल में राष्ट्र निर्माण, प्रशासनिक व्यवस्था और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे।
अधिवेशन में विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने पेंशनर्स से जुड़े मुद्दों, लंबित मांगों, सामाजिक सुरक्षा और वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, सदस्य संख्या बढ़ाने तथा पेंशनर्स के हितों के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनर्स का शॉल, श्रीफल एवं सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित जनों ने उनके लंबे सेवाकाल और समाज के प्रति योगदान को नमन करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
अधिवेशन का सबसे भावुक और प्रेरणादायी क्षण उस समय आया, जब पेंशनर राजेंद्र जैन एवं जयेंद्र बैरागी ने सार्वजनिक रूप से देहदान करने की घोषणा की। उनके इस मानवीय निर्णय का सभागार में उपस्थित सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया। वक्ताओं ने इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से अंगदान एवं देहदान जैसी जनहितकारी मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन शीला जैमन एवं श्याम टांकवाल ने किया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, पेंशनर्स एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।