ताजासमाचार

नीमच में घटिया निर्माण पर कलेक्टर का बड़ा एक्शन ! लापरवाही पर फटकार, अधिकारियों को नोटिस के निर्देश

डेस्क न्यूज़ 13 July, 2026 अन्य

नीमच। जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सोमवार को सख्त रुख अपनाया। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीआईयू, सेतु निगम, पीएमजीएसवाई, एमपीआरडीसी तथा डीएमएफ मद से स्वीकृत एवं निर्माणाधीन कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कई कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और संबंधित जिला परियोजना समन्वयक एवं सहायक अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी निर्माण एजेंसी या ठेकेदार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब सामने आता है तो संबंधित विभाग तत्काल नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

भादवा माता मंदिर के समीप निर्माणाधीन कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिल सकें।

वन विभाग की अनुमति के कारण लंबित निर्माण कार्यों पर भी कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन विभाग से समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कराया जाए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। वहीं एमपीआरडीसी के अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव, विभिन्न विभागों के कार्यपालन अभियंता, महाप्रबंधक एवं सहायक अभियंता मौजूद रहे।

Related Post