ताजासमाचार

4 वर्षीय मासूम से दुर्व्यवहार मामले में राष्ट्रीय हिंदू युवा वाहिनी का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई की मांग

डेस्क न्यूज़ 13 July, 2026 अन्य

नीमच। कनावटी क्षेत्र में चार वर्षीय बालिका से कथित दुर्व्यवहार के मामले को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय हिंदू युवा वाहिनी ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन के अनुसार, 10 जुलाई की सुबह कनावटी निवासी चार वर्षीय बालिका किराना सामग्री लेने गांव के एक दुकानदार के पास गई थी। परिजनों का आरोप है कि घर लौटने पर बच्ची रो रही थी और पूछने पर उसने दुकानदार द्वारा उसके साथ अनुचित व्यवहार करने की बात बताई। इसके बाद परिजनों ने संबंधित थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो अधिनियम एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया।

संगठन का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बाद भी पीड़ित परिवार को आरोपी पक्ष की ओर से धमकियां दी जा रही हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोष सिद्ध होने पर आरोपी के विरुद्ध कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि ग्रामीणों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले भी इस प्रकार की शिकायतें सामने आती रही हैं। साथ ही ग्रामीणों ने आरोपी द्वारा संचालित दुकान से जुड़े कथित अवैध अतिक्रमण की भी नियमानुसार जांच कराने की मांग की।

राष्ट्रीय हिंदू युवा वाहिनी ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

Related Post