डेस्क न्यूज़
12 July, 2026
अन्य
भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्ल्यूएंसर्स के लिए बड़ी घोषणा करते हुए 'डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड' शुरू किए जाने का ऐलान किया है। यह घोषणा इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 'मध्यप्रदेश युवा कॉन्क्लेव-2026' के दौरान डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के साथ संवाद कार्यक्रम में की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज के दौर में डिजिटल प्लेटफॉर्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने और जनजागरूकता फैलाने का सशक्त मंच बन चुके हैं। सकारात्मक सोच, नवाचार और सामाजिक सरोकारों के साथ काम करने वाले युवा समाज में बदलाव के महत्वपूर्ण वाहक हैं और उनके योगदान को सम्मान मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल कंटेंट नहीं बना रहा, बल्कि विचारों को नई दिशा दे रहा है, समाज को जोड़ रहा है और नई पीढ़ी की आकांक्षाओं को आवाज़ दे रहा है। जिम्मेदार और सकारात्मक डिजिटल कंटेंट के माध्यम से समाज में रचनात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार डिजिटल क्षेत्र में नवाचार, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से उत्कृष्ट कार्य करने वाले डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित करने के लिए 'डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड' की शुरुआत की जाएगी। इससे युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण डिजिटल कंटेंट को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में इंदौर, उज्जैन, धार सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और इंफ्ल्यूएंसर्स ने भाग लिया। संवाद के दौरान युवाओं ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और डिजिटल माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के सुझाव भी रखे।