ताजासमाचार

4 साल से पुलिस को चकमा दे रहा डोडाचूरा तस्कर गिरफ्तार... MP-राजस्थान के 11 मामलों में था वांछित, मनासा पुलिस की कार्रवाई

द वॉचमेन पोस्ट 13 July, 2026 अपराध

मनासा/नीमच। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2022 से फरार चल रहे अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्कर वकील उर्फ शंकर पिता सूरजमल बंजारा (38) निवासी पोखरदा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश और राजस्थान में एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं तथा इनमें से कई मामलों में वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की धरपकड़ और मादक पदार्थ तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार थाना मनासा में दर्ज अपराध क्रमांक 18/2022 में आरोपी के खिलाफ धारा 8/15 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत डोडाचूरा तस्करी का मामला दर्ज है। आरोपी लंबे समय से फरार था और लगातार अपने ठिकाने एवं पहचान बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।

जानकारी के अनुसार आरोपी को पूर्व में उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत मिली थी, लेकिन जमानत मिलने के बाद भी वह थाने में उपस्थित नहीं हुआ और पुनः मादक पदार्थ तस्करी की गतिविधियों में लिप्त पाया गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी जमानत निरस्त करने के लिए उच्च न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की जमानत निरस्त कर दी।

जमानत निरस्त होने के बाद मनासा पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और विश्वसनीय सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। मामले में धारा 173(8) के तहत आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट के गंभीर प्रकरण शामिल हैं। आरोपी की गिरफ्तारी को मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक तेज सिंह सिसौदिया, प्रधान आरक्षक अकीब मेव, आरक्षक अंकित जोशी एवं आरक्षक पिकेंश सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Related Post