डेस्क न्यूज़
13 July, 2026
अन्य
नीमच \ सिंगोली । नीमच जिले की सिंगोली पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 450.800 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक पिकअप वाहन को भी जब्त कर राजस्थान के अजमेर जिले के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ, वाहन और अन्य सामग्री सहित कुल 72 लाख 64 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में सिंगोली थाना पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को नाकाबंदी के दौरान सिंगोली-कांस्या आम रोड स्थित तिलस्वा घाट के पास एक संदिग्ध पिकअप वाहन (RJ-42 GA-4006) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन मोड़कर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 28 प्लास्टिक के कट्टों से कुल 450.800 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। मौके से अजमेर (राजस्थान) के जसराज पिता बन्नालाल घासल जाट (37 वर्ष) निवासी जीरोता, तहसील अराई को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 450.800 किलोग्राम डोडाचूरा, पिकअप वाहन, एक मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 72,64,500 रुपये बताई गई है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
पुलिस ने इस कार्रवाई में शामिल थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा एवं उनकी टीम के कार्य की सराहना की है।