द वॉचमेन पोस्ट
13 July, 2026
प्रशासनिक
नीमच। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका ने सोमवार को फव्वारा चौक से फ्रूट मंडी तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़कों और फुटपाथों पर दुकानों के बाहर रखा सामान, अवैध शेड तथा अन्य अतिक्रमण हटवाए गए। वहीं नियमों की अनदेखी करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की गई।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में नगर पालिका अमले ने क्षेत्र का निरीक्षण कर दुकानदारों को पहले समझाइश दी और स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा। कई व्यापारियों ने मौके पर ही अपना सामान हटाकर सहयोग किया, जबकि बार-बार चेतावनी के बावजूद नियमों का पालन नहीं करने वालों पर जुर्माना लगाया गया।
सीएमओ दुर्गा बामनिया ने बताया कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में लगातार यह आवश्यकता सामने आ रही थी कि शहर की प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए। इसी के तहत नगर पालिका द्वारा चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित लाल लाइन के बाहर किसी भी प्रकार का सामान रखना या सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण करना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान बनाने, सामान जब्त करने और आवश्यकता पड़ने पर नगर पालिका की दुकानों के पट्टे निरस्त करने जैसी सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है। इसके साथ ही दुकानों के बाहर किए गए स्थायी और अवैध निर्माणों को भी चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
अभियान के दौरान फव्वारा चौक क्षेत्र में एक जर्जर भवन भी अधिकारियों की नजर में आया। भवन की स्थिति को सार्वजनिक सुरक्षा के लिए संभावित खतरा मानते हुए भवन स्वामी को तीन दिन के भीतर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समयावधि में सुधार नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका की इस कार्रवाई से दिनभर क्षेत्र में हलचल बनी रही। वहीं आम नागरिकों ने शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में उठाए गए इस कदम का स्वागत किया। लोगों ने नगर पालिका से ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाने की मांग भी की, ताकि शहर में व्यवस्था और सुरक्षा बनी रहे।