ताजासमाचार

नीमच के सिंगोली में झोलाछाप के गलत इलाज से 14 वर्षीय मासूम की मौत का आरोप, कथित डॉक्टर फरार, परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

डेस्क न्यूज़ 13 July, 2026 अन्य

नीमच \ सिंगोली। जिले के सिंगोली क्षेत्र में एक कथित झोलाछाप डॉक्टर पर 14 वर्षीय बालक की गलत उपचार के कारण मौत होने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी क्लीनिक बंद कर फरार बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सिंगोली के समीप ग्राम माता का खेड़ा निवासी सैय्यद खान अपने 14 वर्षीय पुत्र अंसार खान को बुखार की शिकायत होने पर सिंगोली स्थित धाकड़ क्लीनिक लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक संचालक विनोद धाकड़ उर्फ विनोद पाटीदार ने बिना आवश्यक जांच किए बालक को ड्रिप और इंजेक्शन लगाया।

परिजनों के मुताबिक, उपचार शुरू होने के लगभग 15 मिनट बाद ही अंसार की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उसकी हालत गंभीर होने पर परिजनों ने क्लीनिक संचालक से मदद की गुहार लगाई, लेकिन उसने बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह देते हुए हाथ खड़े कर दिए।

परिजनों का यह भी आरोप है कि आरोपी ने उनके साथ भीलवाड़ा चलने की बात कही, लेकिन जैसे ही बालक को वाहन में बैठाया गया, वह मौके से फरार हो गया। रास्ते में कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला।

गंभीर हालत में अंसार को राजस्थान के भीलवाड़ा स्थित सिद्धि विनायक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार किया, लेकिन देर रात उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक रूप से गलत उपचार और दवा के रिएक्शन की आशंका जताई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी के पास चिकित्सा संबंधी कोई वैध डिग्री नहीं है और वह लंबे समय से क्लीनिक संचालित कर मरीजों का उपचार कर रहा था। घटना के बाद क्लीनिक बंद मिला और आरोपी फरार बताया जा रहा है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग से आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं क्षेत्रवासियों ने भी झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

Related Post