ताजासमाचार

एमपी ग्रीन एनर्जी फैक्ट्री में मजदूर की मौत से उठे सवाल, परिजनों ने जताई गैस रिसाव की आशंका; पीएम रिपोर्ट का इंतजार

द वॉचमेन पोस्ट 13 July, 2026 दुर्घटना

रात की ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान; 6 वर्षों से फैक्ट्री में कार्यरत था मृतक

नीमच। जिले के बघाना थाना क्षेत्र अंतर्गत झांझरवाड़ा स्थित एमपी ग्रीन एनर्जी फैक्ट्री में कार्यरत एक मजदूर की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद जहां परिजनों ने फैक्ट्री परिसर में गैस रिसाव की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक कंवरलाल पिता भागूलाल भील (50) निवासी कास्बी, थाना जीरन, एमपी ग्रीन एनर्जी फैक्ट्री में पिछले करीब छह वर्षों से कार्यरत था। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह रात की ड्यूटी पर था। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। साथी कर्मचारियों और फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री में टायर निर्माण से संबंधित कार्य किया जाता है और संभवतः किसी प्रकार के गैस रिसाव या जहरीली गैस के प्रभाव के कारण कवरलाल की तबीयत बिगड़ी होगी। हालांकि इस संबंध में अभी तक किसी भी स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दूसरी ओर, फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर मजदूर की मौत का वास्तविक कारण क्या था।

बघाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत हार्ट अटैक, स्वास्थ्य संबंधी किसी अन्य कारण या किसी अन्य परिस्थिति में हुई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Related Post