डेस्क न्यूज़
13 July, 2026
अन्य
नीमच। जिले के विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत मल्टी टास्क स्टाफ (एमटीएस) कर्मचारियों ने पिछले चार माह से वेतन नहीं मिलने पर सोमवार को विरोध-प्रदर्शन करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) एवं राज्य स्वास्थ्य संचालक के नाम ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने लंबित वेतन का तत्काल भुगतान कराने तथा प्रत्येक माह निर्धारित समय पर वेतन उपलब्ध कराने की मांग की।
सीटू के प्रदेश सचिव कामरेड शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि जिला चिकित्सालय सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत एमटीएस कर्मचारियों को कई महीनों से वेतन नहीं मिला है। इसी समस्या को लेकर कर्मचारियों ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर सीएमएचओ डॉ. दिनेश प्रसाद को ज्ञापन सौंपा। वहीं कलेक्टर कार्यालय में डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धारवे के माध्यम से राज्य स्वास्थ्य संचालक के नाम भी ज्ञापन प्रेषित किया गया।
ज्ञापन का वाचन बालकिशन खेर एवं लखन मेघवाल ने किया। कर्मचारियों ने बताया कि उनकी नियुक्ति 24 जनवरी 2026 को हुई थी। नियुक्ति के बाद अब तक उन्हें केवल दो माह का वेतन मिला है, जबकि पिछले चार माह का वेतन लंबित है। वेतन नहीं मिलने से परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा और दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करना मुश्किल हो गया है।
कर्मचारियों का कहना है कि वे कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष यह समस्या उठा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने लंबित वेतन का तत्काल भुगतान, प्रत्येक माह की 10 तारीख तक नियमित वेतन, आउटसोर्स कंपनियों के बीच सब-कॉन्ट्रैक्ट व्यवस्था समाप्त करने तथा समय पर बजट आवंटन सुनिश्चित करने की मांग की।
इस दौरान लक्ष्मण सिंह चुंडावत, अनीता सेन, शिवानी राठौर, मेहरूनिशा, कन्हैया रावत, संजू शर्मा, मनोहर नागदा, मधु कंवर, गोविंद शर्मा, आयुषी पटेल, पूजा सेन, गोपाल राठौर सहित मनासा, जावद एवं नीमच क्षेत्र के बड़ी संख्या में एमटीएस कर्मचारी उपस्थित रहे।