डेस्क न्यूज़
13 July, 2026
अन्य
नीमच। शहर में एक बार फिर शातिर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बेहद सुनियोजित तरीके से चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। इस बार चोरों ने कैंट थाना क्षेत्र स्थित शहर के प्रतिष्ठित फ़ैशन QNX कपड़ा शोरूम को निशाना बनाया। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात बदमाशों ने निर्माणाधीन मकान में लगे स्टैंड का सहारा लेकर शोरूम की चौथी मंजिल की छत तक पहुंचने का जोखिम उठाया। जब छत से दुकान के अंदर प्रवेश का कोई रास्ता नहीं मिला तो बदमाशों ने दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी करीब एक से डेढ़ लाख रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए।
सुबह खुला शोरूम तो उड़ गए होश
सोमवार सुबह शोरूम संचालक शिव महेश्वरी रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। गल्ला टूटा हुआ था और उसमें रखी नकदी गायब थी। दुकान के भीतर दीवार में किया गया छेद भी दिखाई दिया, जिससे स्पष्ट हो गया कि चोर मुख्य दरवाजे से नहीं बल्कि दीवार तोड़कर अंदर घुसे थे। घटना की सूचना तत्काल कैंट थाना पुलिस को दी गई।
स्टैंड के सहारे पहुंचे छत तक, फिर दीवार तोड़कर बनाई एंट्री
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शोरूम के समीप एक निर्माणाधीन मकान का काम चल रहा है। बदमाशों ने उसी मकान में लगे स्टैंड (मचान) का इस्तेमाल कर चौथी मंजिल की छत तक पहुंचने का रास्ता बनाया। छत से अंदर जाने का रास्ता नहीं मिलने पर उन्होंने दीवार में सेंध लगाई और उसी रास्ते से शोरूम में प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना से साफ है कि चोर पहले से पूरी रेकी कर चुके थे और उन्होंने पूरी योजना बनाकर चोरी की।
सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध, गैंग होने की आशंका
घटना के बाद पुलिस ने शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज में एक संदिग्ध युवक चोरी करते हुए दिखाई दिया है। हालांकि पुलिस का मानना है कि वारदात को देखते हुए इसमें एक से अधिक बदमाश शामिल हो सकते हैं। आशंका है कि एक आरोपी अंदर चोरी कर रहा था, जबकि उसके साथी बाहर निगरानी और रेकी कर रहे थे। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
सीएसपी और कैंट थाना पुलिस ने किया मौका मुआयना
सूचना मिलते ही सीएसपी किरण चौहान एवं कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। एफएसएल एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है। चोरी गई नकदी और अन्य सामान का सही आकलन किया जा रहा है। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल इस हाईटेक चोरी की वारदात ने शहर के व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।