ताजासमाचार

भाजपा जिला नीमच की मासिक कामकाजी बैठक संपन्न, बूथ सशक्तिकरण और डिजिटल प्रशिक्षण पर रहा फोकस

डेस्क न्यूज़ 13 July, 2026 अन्य

नीमच। भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच की मासिक कामकाजी बैठक रविवार को वात्सल्य भवन में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, डिजिटल प्रशिक्षण एवं आगामी संगठनात्मक अभियानों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम भाजपा संभाग प्रभारी सुरेश आर्य एवं जिला संगठन प्रभारी सुभाष पटेल के मुख्य आतिथ्य तथा जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।

बैठक में विधायक दिलीप सिंह परिहार, विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक माधव मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा, जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास, नरेंद्र मालवीय एवं अशोक विक्रम सोनी मंचासीन रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों द्वारा अतिथियों का भाजपा दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।

जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि गत माह जिले के सभी मंडलों, शक्ति केंद्रों एवं बूथों पर संगठनात्मक गतिविधियों का सफल संचालन हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों तथा "मन की बात" अभियान में नीमच जिले ने उल्लेखनीय सहभागिता दर्ज की। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित स्मरण पक्ष पखवाड़े के सफल आयोजन की भी जानकारी दी।

बैठक को संबोधित करते हुए संभाग प्रभारी सुरेश आर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुशासन, समर्पण और संगठनात्मक कार्यशैली के बल पर विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं में निहित है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम को बूथ स्तर तक पहुंचाने और उसकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

सुरेश आर्य ने डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म पर बूथ समिति के प्रत्येक सदस्य का प्रशिक्षण पूर्ण कराने को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण प्राथमिकता बताते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा में प्रशिक्षण एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त कर नीमच जिले को प्रदेश में अग्रणी स्थान दिलाने का प्रयास किया जाए।

जिला संगठन प्रभारी सुभाष पटेल ने कहा कि संगठन की मजबूती नियमित प्रशिक्षण, समयबद्ध कार्यप्रणाली और प्रभावी समीक्षा व्यवस्था से सुनिश्चित होती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से प्रत्येक कार्यक्रम की समय पर रिपोर्टिंग एवं बैठकों का नियमित आयोजन सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

बैठक को विधायक दिलीप सिंह परिहार, विधायक ओमप्रकाश सखलेचा एवं विधायक माधव मारू ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने बूथ विस्तार, संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।

बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, प्रकोष्ठ संयोजक एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सतीश व्यास ने किया तथा आभार जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास ने व्यक्त किया।

यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह मीडिया प्रभारी शुभम शर्मा द्वारा दी गई।

Related Post