ताजासमाचार

मुख्यमंत्री निवास घेराव में गूंजी नीमच के सफाई कर्मचारियों की आवाज, प्रदेश सचिव कमल छपरीबंद ने उठाईं मांगें

डेस्क न्यूज़ 11 July, 2026 अन्य

भोपाल/नीमच। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी सफाई कामगार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट जयराम सिंह चौहान के नेतृत्व में भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों, अधिकारों और उनके साथ हो रहे कथित अन्याय के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। आंदोलन में प्रदेशभर से हजारों सफाई कर्मचारी और पदाधिकारी शामिल हुए।

इस प्रदर्शन में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी सफाई कामगार प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव कमल छपरीबंद ने नीमच जिले से पहुंचे सफाई कर्मचारियों के साथ सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने प्रदेश सरकार के समक्ष नीमच सहित पूरे प्रदेश के सफाई कर्मचारियों की समस्याओं और लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

कमल छपरीबंद ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज की रीढ़ हैं और वे प्रतिदिन आमजन को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उन्हें अपने अधिकारों, सम्मान और रोजगार सुरक्षा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के साथ हो रहे अन्याय और शोषण को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने सरकार से मांग की कि सफाई कर्मचारियों की सभी लंबित मांगों का तत्काल निराकरण किया जाए। साथ ही उन्हें सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां, रोजगार सुरक्षा, ठेका प्रथा समाप्त करने तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान प्रदेशभर से आए सफाई कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को बुलंद किया। कमल छपरीबंद ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।

Related Post